फ्रंट पेज न्यूज़ (परमेश शर्मा) बंजार।
बंजार की नगर पंचायत राजनीति इस बार बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गई है। वार्ड नंबर 7 से विजयी रहीं उर्मिला देवी ने लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर नगर पंचायत बंजार के इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।


वह ऐसी पहली महिला उम्मीदवार बन गई हैं जिन्होंने अलग-अलग वार्डों से लगातार तीन कार्यकाल जीतकर “हैट्रिक” बनाने का गौरव हासिल किया है।

उर्मिला देवी का राजनीतिक सफर लगातार मजबूत होता गया। वर्ष 2015 के कार्यकाल में उन्होंने वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल कर नगर पंचायत में प्रवेश किया। इसके बाद वर्ष 2020 के कार्यकाल में उन्होंने वार्ड नंबर 4 से चुनाव जीतकर अपनी लोकप्रियता साबित की।


अब वर्ष 2026 के चुनाव में उन्होंने दोबारा वार्ड नंबर 7 से जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास प्राप्त किया है। पिछले करीब दस वर्षों से वे नगर पंचायत बंजार में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विभिन्न विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को उठाती रही हैं।

इस बार नगर पंचायत बंजार का चुनाव परिणाम केवल वार्ड स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक समीकरण बेहद दिलचस्प बन गए हैं।

अध्यक्ष पद महिला अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। इस श्रेणी में वार्ड नंबर 6 से धनवंती देवी निर्वाचित होकर सामने आई हैं, जिन्हें भाजपा समर्थित माना जा रहा है।

दूसरी ओर कांग्रेस के पास इस आरक्षित वर्ग से कोई महिला प्रत्याशी निर्वाचित होकर नहीं आई है, जिससे अध्यक्ष पद को लेकर स्थिति और अधिक पेचीदा बन गई है।

वार्ड नंबर 1 से भाजपा समर्थित बीना देवी विजयी हुई हैं, जबकि वार्ड नंबर 2 से सचिन वर्मा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे।

हालांकि चुनाव परिणामों के बाद उनका झुकाव कांग्रेस की ओर माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी इस वार्ड से चुनाव हार गया है।

वर्तमान स्थिति के अनुसार नगर पंचायत बंजार में कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या पांच और भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या दो मानी जा रही है।

ऐसे में बहुमत कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा है, लेकिन अध्यक्ष पद के आरक्षण और राजनीतिक समर्थन के समीकरणों ने पूरी तस्वीर को रोमांचक बना दिया है।
उधर उपाध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव के आधार पर वार्ड नंबर 7 की उर्मिला देवी, वार्ड नंबर 4 के विवेक शर्मा , वार्ड नंबर 2 से निर्वाचित सचिन वर्मा या वार्ड नंबर 5 के रोशन चौधरी के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं।

नगर पंचायत के भीतर आने वाले दिनों में किसे उपाध्यक्ष पद मिलता है, यह पूरी तरह राजनीतिक रणनीति और समर्थन पर निर्भर करेगा।नगर पंचायत बंजार में अब सबसे बड़ी नजर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर टिकी हुई है।

विज्ञापन
क्या अध्यक्ष पद आसानी से भर जाएगा, क्या किसी नए राजनीतिक समीकरण का जन्म होगा, या फिर यह मामला लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा — इसको लेकर क्षेत्र में उत्सुकता बढ़ गई है।नगर पंचायत बंजार में अब सबसे बड़ी नजर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर टिकी हुई है।

क्या अध्यक्ष पद आसानी से भर जाएगा, क्या किसी नए राजनीतिक समीकरण का जन्म होगा, या फिर यह मामला लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा — इसको लेकर क्षेत्र में उत्सुकता बढ़ गई है।
आने वाले दिनों में नगर पंचायत बंजार की राजनीति किस करवट बैठती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।















