नगर पंचायत बंजार के लिए शनिवार को हो रहे आम चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में जारी हैं। सुबह 9 बजे तक कुल 19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान को लेकर सभी छह वार्डों में मतदाताओं में उत्साह देखा गया और लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बंजार के छह वार्डों में कुल 727 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 369 पुरुष तथा 358 महिला मतदाता शामिल हैं। सुबह 9 बजे तक कुल 140 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 74 पुरुष और 66 महिला मतदाता रहे।

वार्डवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो वार्ड नंबर-3 मेन बाजार में सबसे अधिक 34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसके अलावा वार्ड नंबर-2 डौल्ला में 22 प्रतिशत, वार्ड नंबर-1 दारुढ़ार में 20 प्रतिशत, वार्ड नंबर-4 लोअर शेग्लू में 15 प्रतिशत, वार्ड नंबर-6 अपर बंजार में 14 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर-5 घेडिगाड़ में 11 प्रतिशत मतदान हुआ। महिला मतदाताओं की भागीदारी भी संतोषजनक रही।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीओ (सिविल) बंजार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुचारू रूप से जारी है।














