मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

परशुराम युवक मंडल बटाला की विशेष बैठक सम्पन्न, पंचायत विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा।


 


फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी, कुल्लू।


परशुराम युवक मंडल बटाला, ग्राम पंचायत कराणा-1, विकास खंड आनी, जिला कुल्लू की एक विशेष बैठक रविवार सायं लगभग 6 बजे श्री शमशरी महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता युवक मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा ने की, जबकि संचालन महासचिव शशि शर्मा द्वारा किया गया। बैठक में पंचायत विकास एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।


बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विकास शर्मा ने युवाओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक युवा को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, ताकि योग्य एवं सशक्त उम्मीदवार का चयन हो सके और आदर्श ग्राम पंचायत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो।


बैठक में आगामी पंचायत चुनावों के संभावित प्रत्याशियों से भी विशेष आग्रह किया गया कि वे युवक मंडल द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करें। युवक मंडल ने पंचायत विकास हेतु निम्न प्रमुख मांगें एवं सुझाव रखे—
शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार संबंधी शिविरों का आयोजन।


समय-समय पर बागवानी एवं कृषि संबंधी जागरूकता शिविर लगाना।
खेल मैदान एवं खेल सुविधाओं के विकास हेतु आवश्यक कार्य।
सार्वजनिक शौचालयों की समुचित व्यवस्था।
सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना।


श्री शमशरी महादेव मंदिर प्रांगण को टाइल्स, बैंच एवं फूलदान आदि से सुंदर एवं भव्य बनाना तथा श्री शमशरी महादेव बावड़ी स्थल का पुनर्निर्माण।
युवक मंडल के सदस्यों ने कहा कि ये सभी कार्य ग्राम पंचायत कराणा-1 की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अतिरिक्त बैठक में पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई, नालियों एवं गलियों की स्वच्छता बनाए रखने जैसे मुद्दों पर भी विशेष चर्चा की गई।


बैठक में युवक मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय शर्मा, उपाध्यक्ष शुभम शर्मा, महासचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा, मुख्य सलाहकार वेद प्रकाश शर्मा, प्रेस सचिव निशांत शर्मा, मुख्य प्रवक्ता प्रदीप शर्मा, मुख्य सदस्य नंद लाल शर्मा, अमित शर्मा, कानिश, लोकेश, मृदुल, रजत, सुनील, कुश, प्रभात सहित लगभग 17 सदस्यों ने भाग लिया।


बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की कि युवक मंडल द्वारा उठाए गए इन मुद्दों एवं निर्णयों को आगे भी निरंतर प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा प्रत्येक माह बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page