फ्रंट पेज न्यूज़ मनाली।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 15.240 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए नशीले पदार्थ की अवैध बाजार में कीमत करीब 3.04 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चचोगा क्षेत्र में स्थित एक किराये के मकान में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल विंटेज, चचोगा के समीप स्थित रिहायशी मकान में दबिश दी।

तलाशी के दौरान वहां किराये पर रह रही एक महिला के कब्जे से 15.240 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन
गिरफ्तार महिला की पहचान जिला तरनतारन, पंजाब की निवासी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस थाना मनाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कुल्लू-मनाली क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

















