फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा),आनी।
रघुपुर क्षेत्र की हजारों आबादी को मिलेगा लाभ, पर्यटन को भी मिलेगा नया आयाम।
आउटर सिराज के युवा नेता एवं समाजसेवी अधिवक्ता रोहित साहसी ने प्रदेश सरकार तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) से कुल्लू-आनी वाया करशाला, रोहड़ीधार एवं कोटासेरी बस सेवा शीघ्र आरंभ करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रघुपुर क्षेत्र की हजारों जनता के लिए यह मार्ग जिला मुख्यालय कुल्लू तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन विडंबना यह है कि इस सड़क पर आज तक जिला मुख्यालय के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है।

रोहित साहसी ने कहा कि रघुपुर क्षेत्र की जनता अपनी दैनिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, सरकारी कार्यों तथा व्यापारिक गतिविधियों के लिए नियमित रूप से जिला मुख्यालय कुल्लू का रुख करती है। बस सेवा के अभाव में लोगों को निजी वाहनों अथवा कई बार वाहन बदलकर यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है।

उन्होंने बताया कि कुल्लू-आनी वाया करशाला, रोहड़ीधार एवं कोटासेरी बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र की छह पंचायतों—मुहान, लगौटी, करशैईगाड़, फनौटी, टकरासी, बिशलाधार तथा कोटासेरी—की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों, बागवानों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही सुगम होगी।

रोहित साहसी ने कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। रघुपुर गढ़ अपनी मनमोहक प्राकृतिक छटा और ऐतिहासिक महत्व के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के बीच तेजी से पहचान बना रहा है। इसके अतिरिक्त टकरासी, बाहलधार, शुशी चोहड़ा, खनीबाग, चरांदी तथा चूकदासौर जैसे कई रमणीय पर्यटन स्थल भी इस क्षेत्र में स्थित हैं, जहां पर्यटकों के आने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। यदि इस मार्ग पर नियमित बस सेवा आरंभ की जाती है तो न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।

रोहित साहसी ने प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने तथा जल्द से जल्द कुल्लू-आनी वाया करशाला, रोहड़ीधार एवं कोटासेरी बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया है।














