फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) कार्यालय बंजार में सोमवार को रमेश शर्मा ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि यह पद पिछले लगभग दो माह से रिक्त चल रहा था, जिसके कारण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


रमेश शर्मा के कार्यभार संभालने से क्षेत्र की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रमेश शर्मा इससे पूर्व सीएचटी (सेंटर हेड टीचर) के पद पर कार्यरत थे।

शिक्षा विभाग में 30 वर्ष से अधिक के अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने जिला कुल्लू के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। अपने अनुभव, कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक क्षमता के कारण वे शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच एक समर्पित और कर्मठ अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ बंजार के पदाधिकारियों, शिक्षकों तथा कार्यालय स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बंजार खंड की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।


इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि रमेश शर्मा अपने अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों की कार्यप्रणाली को सशक्त बनाने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद रमेश शर्मा ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और शिक्षा से जुड़े हितधारकों के सहयोग से विद्यार्थियों के हित में कार्य करने तथा शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।












