डॉ. मुकेश कुमार एवं फ्रंट पेज न्यूज़ की मतदाताओं से विशेष अपील।
प्रख्यात शिक्षाविद एवं “Crime and Grievances (All India)” के सदस्य डॉ. मुकेश कुमार ने पंचायत चुनावों के बीच मतदाताओं से जागरूक और विवेकपूर्ण मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल किसी उम्मीदवार को जिताने का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के भविष्य का फैसला होता है।


इसलिए मतदाताओं को किसी दबाव, रिश्तेदारी, लालच या भ्रम में आए बिना अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चुनावी प्रचार और वादों का शोर इतना बढ़ गया है कि असली मुद्दे पीछे छूटते जा रहे हैं। गांवों की चौपालों और सभाओं में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जनता आज भी इस असमंजस में है कि सही उम्मीदवार कौन है।

ऐसे समय में आवश्यक है कि मतदाता उम्मीदवार के व्यवहार, कार्यशैली, जनता के प्रति उसकी उपलब्धता और पिछले कार्यों को ध्यान में रखकर निर्णय लें।

डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जो उम्मीदवार गांव की मूलभूत समस्याओं—जैसे सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य—को प्राथमिकता देता हो तथा पूरे क्षेत्र के विकास की स्पष्ट सोच रखता हो, वही सही जनप्रतिनिधि कहलाने योग्य है।

उन्होंने कहा कि जनता को उम्मीदवारों से पिछले वर्षों का हिसाब मांगने का पूरा अधिकार है और केवल वादों पर नहीं, बल्कि उनके कार्यों पर भरोसा करना चाहिए।
इस अवसर पर फ्रंट पेज न्यूज़ हिंदी की ओर से भी सभी मतदाताओं से विशेष अपील की गई है कि वे अपनी स्वस्थ और जागरूक सोच का परिचय दें। एक सच्चा और जिम्मेदार मतदाता वही कहलाता है जो निडर होकर, निष्पक्षता और अपने विवेकपूर्ण कर्तव्य का पालन करते हुए ऐसे उम्मीदवार को अपना मत दे, जो गांव और क्षेत्र के विकास के लिए वास्तव में सक्षम हो।

फ्रंट पेज न्यूज़ ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम है। यह अवसर पांच वर्षों में केवल एक बार आता है। “मतदान” का अर्थ ही ऐसा दान है, जो आने वाले समय और नई पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद को मजबूत करता है। इसलिए हर मतदाता को सोच-समझकर अपने मत का प्रयोग करना चाहिए।
अंत में सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा गया कि—
“आंख बंद करके नहीं, आंख खोलकर वोट दें।
आपका एक सही निर्णय गांव, पंचायत और पूरे क्षेत्र का भविष्य बदल सकता है।”












