फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
पंचायत चुनाव 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने बंजार में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) बंजार पंकज शर्मा द्वारा पंचायत चुनाव प्रक्रिया के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं।

(इस प्रकार के कोई भी विज्ञापन फ्रंट पेज न्यूज़ पोर्टल पर आप प्रकाशित करना चाहते हैं तो वह बन सकते हैं और प्रकाशित हो सकते हैं) (संपर्क सूत्र 9418020801)
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पंचायत चुनाव के दौरान मतदान दलों के गठन, मतदान प्रक्रिया, मतगणना तथा चुनाव परिणामों से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बंजार में एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है।

यह नियंत्रण कक्ष चुनाव प्रक्रिया के दौरान समन्वय और निगरानी का मुख्य केंद्र रहेगा।
कंट्रोल रूम में विभिन्न कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। इनमें रमण लाल (लिपिक), छाया देवी एवं कमला देवी (ग्राम रोजगार सेवक), डोले राम चंद (क्षेत्रीय समन्वयक) तथा सरब कुमार (कम्प्यूटर ऑपरेटर) को अलग-अलग समयावधि में तैनात किया गया है। कर्मचारियों की यह ड्यूटी 28 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन ने चुनाव संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए कंट्रोल रूम से संपर्क हेतु मोबाइल नंबरों के अतिरिक्त ईमेल आईडी भी जारी किए हैं।

इसी क्रम में पंचायत चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए एक अन्य कार्यालय आदेश भी जारी किया गया है। आदेश के अनुसार विकास खंड बंजार के सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को 23 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंजार में उपस्थित होकर डुप्लीकेट बैलेट पेपर, सील एवं अन्य आवश्यक चुनाव सामग्री प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह आदेश हिमाचल प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 30 तथा जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू द्वारा प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत जारी किए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी पंकज शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्राम पंचायत चुनाव प्रक्रिया सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जा सके।













