फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार ।
उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चेहणी के चिलाधार क्षेत्र के जंगलों में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना शाम करीब 5:15 बजे प्राप्त हुई। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया तथा दूर-दूर तक धुएं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं।

सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र बंजार की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। वहीं वन विभाग की टीम तथा स्थानीय लोग भी आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इस संबंध में डीएफओ बंजार मनोज कुमार ने बताया कि आग लगने के पीछे कोई मानवीय चूक या अन्य अज्ञात कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं तथा आग बुझाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जंगल में सूखी घास और गर्म मौसम के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी।
प्रशासन ने लोगों से जंगलों के आसपास सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की है।















