विकास खंड बंजार में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। विकास खंड में कुल 40 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 216 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत 5 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील तथा 8 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों में न्योली की देउरीधार, दादूधार-लिहनीधार-गरशाला सहित दुशाड़, भूमियाण की बाहु पंचायत आदि शामिल हैं। वहीं शैंशर, टुंग, शारची, कंडीधार तथा शिकारीघाट पंचायतों के कुछ मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।


चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन 7, 8 और 11 मई 2026 को प्राप्त किए गए, जबकि नामांकन जांच 12 मई को तथा नाम वापसी की प्रक्रिया 14 और 15 मई को संपन्न हुई।

जिला परिषद के तहत वार्ड नंबर 5 धौगी और वार्ड नंबर 10 बलागाड़ में चुनाव हो रहे हैं। धौगी वार्ड में 7 तथा बलागाड़ वार्ड में 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में से एक वार्ड चनौन निर्विरोध चुना गया है, जबकि 14 वार्डों में 49 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

40 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए कुल 155 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि कोई भी प्रधान निर्विरोध नहीं चुना गया। उपप्रधान पद के लिए श्रीकोट, बलागाड़ और शांघड़ पंचायतों में 3 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं तथा शेष पदों के लिए 121 प्रत्याशी मैदान में हैं।

ग्राम पंचायतों के कुल 216 वार्डों में से 100 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि 116 वार्डों में 262 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव ड्यूटी से जुड़े कर्मचारियों का प्रथम रिहर्सल 13 मई को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। आगामी रिहर्सल 23 मई 2026 को निर्धारित है, जिसमें वी.डी.एम.एस. तथा बैलेट बॉक्स ट्रैकिंग संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

बैलेट पेपर लेखन कार्य 17 मई से 19 मई 2026 तक संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 350 कर्मचारियों ने भाग लिया। बैलेट पेपरों को बीडीओ कार्यालय कक्ष संख्या 204 में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बैलेट बॉक्स के लिए अलग स्ट्रॉन्ग रूम पंचायत घर कोठीचैहनी हॉल में बनाया गया है। पंचायत समिति और जिला परिषद मतगणना के लिए अंबेडकर भवन में मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है, जहां भी सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 सेक्टर अधिकारी तथा 76 प्रीसाइडिंग अधिकारियों की तैनाती की गई है।















