गीता भारद्वाज और रमना भारती के गीतों पर देर रात तक झूमता रहा आनी।
फ्रंट पेज न्यूज़आनी-( छबिन्द्र शर्मा)
उपमंडल आनी के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय आनी मेला 2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक संस्कृति . संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। मेले में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ ने देर रात तक पहाड़ी धुनों और लोकगीतों का भरपूर आनंद लिया। प्रसिद्ध लोक गायिका गीता भारद्वाज,रमना भारती और राजीव शर्मा व केशव शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि विकास खंड अधिकारी आनी विवेक कुमार उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी. पंचायत प्रतिनिधि. सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।


सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्थानीय कलाकारों द्वारा सरस्वती वंदना और पारंपरिक पहाड़ी नाटी से किया गया। इसके बाद मंच पर लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का ऐसा संगम देखने को मिला. जिसने हर आयु वर्ग के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रसिद्ध लोक गायिका गीता भारद्वाज ने अपने लोकप्रिय पहाड़ी गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके गीतों पर युवा. महिलाएं और बुजुर्ग सभी देर रात तक झूमते नजर आए। वहीं रमना भारती की मधुर आवाज़ ने पूरे वातावरण को संगीत से सराबोर कर दिया।

लोक गायक राजीव शर्मा व केशव शर्मा ने भी अपनी दमदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में नया उत्साह भर दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और मेले का माहौल पूरी तरह उत्सवमय बन गया। स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचली संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। पहाड़ी लोकनृत्य और पारंपरिक गीतों ने मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।

मुख्यातिथि विवेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि जिला स्तरीय आनी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने लोगों से मेले की गरिमा बनाए रखने.आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मेले का आनंद लेने की अपील भी की। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी कलाकारों और मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया।

आनी मेला 2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या ने यह साबित कर दिया कि हिमाचल की लोक संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है और ऐसे मेले सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण तथा मनोरंजन का सशक्त माध्यम बने हुए हैं। संध्या में तहसीलदार रतनेश्वर् शर्मा नायब तहसीलदार मोती राम चौहान. एसईबीपीओ विनोद कटोच. सचिव विशु भारती. प्रेम ठाकुर. ईश्वर कटोच. अनिल चौहान. कुंदन शर्मा.तथा प्रेम शर्मा सहित मेला कमेटी के अन्य कई सदस्य मौजूद रहे।
















