मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

देवताओं के आगमन के साथ ऐतिहासिक आनी मेले का रंगारंग आगाजस्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।


फ्रंट पेज न्यूज़,( राज शर्मा)आनी, कुल्लू।

ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को देवताओं के आगमन के साथ भव्य शुभारंभ हो गया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख आराध्य देवता शमशरी महादेव, पनेउई नाग, कुलक्षेत्र महादेव, देहुरी नाग तथा ब्यूंगली नाग देवता अपने भव्य रथों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मेले में पहुंचे। देवताओं के आगमन से पूरा आनी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया।


मेले के शुभारंभ से पूर्व प्रमुख देवता शमशरी महादेव सहित सभी देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान देवताओं के कारकुनों और देवलुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों और रणसिंघों की धुन पर लोक संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी भारी संख्या में शोभायात्रा में भाग लेकर मेले की गरिमा को और बढ़ाया।


आनी प्रशासन द्वारा दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू ने बताया कि इस वर्ष मेले का आयोजन प्रशासन की देखरेख में किया जा रहा है तथा मेले को सफल और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


शुभारंभ समारोह में एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से मेले के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।


कार्यक्रम के दौरान पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, हिमालयन मॉडल स्कूल तथा एसडीए मिशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, समूह गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विज्ञापन


मेला कमेटी की ओर से जानकारी दी गई कि चार दिवसीय इस ऐतिहासिक मेले के दौरान तीन भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहरी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा महिला मंडलों के विशेष कार्यक्रम तथा महिला रस्साकशी प्रतियोगिताएं भी मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
इस अवसर पर तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, नायब तहसीलदार मोती राम चौहान, पीआई जोगेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर, कुंदन शर्मा, मनमोहन शर्मा, एसबीपीईओ विनोद कटोच, सचिव विशु भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page