घियागी से बंजार मार्ग पर टारिंग कार्य के चलते लगाया जाएगा यातायात प्रतिबंध
बंजार, कुल्लू। राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर घियागी से बंजार तक चल रहे एज-टू-एज टारिंग कार्य के चलते प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंजार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सड़क मरम्मत कार्य के दौरान आम जनता की सुरक्षा और कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से प्रतिदिन निर्धारित समय पर यातायात पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
यह निर्णय शुक्रवार को एसडीएम बंजार, थाना प्रभारी बंजार तथा एनएच डिवीजन एचपीपीडब्ल्यूडी बंजार के सहायक अभियंता की बैठक में लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के घियागी से बंजार खंड पर जारी टारिंग कार्य और इसके दौरान यातायात नियंत्रण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार बंजार से घियागी मार्ग पर निम्न समय में यातायात प्रतिबंधित रहेगा—
सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक
सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित समय के दौरान केवल आपातकालीन सेवा वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति होगी। आम वाहनों को इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों को दमोठी-भरथीधार सड़क तथा बंजार बाइपास रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय लोगों और परिवहन संचालकों से यात्रा से पहले अपने कार्यक्रम की उचित योजना बनाने की अपील की है।
एसडीएम बंजार द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंदी और यातायात प्रतिबंध संबंधी सूचना पट्ट उचित स्थानों पर लगाए जाएं। साथ ही प्रतिबंधित समय के दौरान पर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन और पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित समय के दौरान किसी भी वाहन को उक्त मार्ग में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता, यात्रियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सड़क निर्माण कार्य के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
एनएच-305 पर निर्धारित समय में यातायात रहेगा बंद, प्रशासन ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी।










