फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला बंजार द्वारा आगामी 13 मई 2026, बुधवार को एक भव्य एवं महत्वपूर्ण “प्रमुख जन संगोष्ठी” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 3:00 बजे सत्य पैलेस नगवाई (फोर मैन प्लाज़ा के नजदीक) में आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल बना हुआ है और संघ कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

विज्ञापन
इस जन संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र प्रचारक श्रीमान जतिन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, भारतीय संस्कृति तथा संगठन की कार्यप्रणाली पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रहित एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएचपीसी लिमिटेड, पार्वती-III जल विद्युत परियोजना बिहाली के महाप्रबंधक प्रभारी सुधीर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।

कार्यक्रम के आयोजक एवं जिला संघचालक डॉ. राजकुमार ने बताया कि यह संगोष्ठी समाज में सकारात्मक विचारधारा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा आम जनमानस से कार्यक्रम में समय से पहुंचकर सहभागिता निभाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
आयोजन स्थल पर बैठने, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित समय से कम से कम 10 मिनट पूर्व पहुंचने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आयोजकों द्वारा संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।















