फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार (कुल्लू)।
सिविल पेंशनर्स एंड सोशल वेलफेयर एसोसिएशन बंजार खंड की मासिक बैठक शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह बंजार में खंड प्रधान प्रीतम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ गायत्री मंत्र के सामूहिक गायन के साथ किया गया।


बैठक में नई सदस्या के रूप में तहसील कार्यालय बंजार से सेवानिवृत हुई चंद्रा देवी का स्वागत किया गया। जिला प्रधान श्री सेस राम ठाकुर, खंड प्रधान प्रीतम शर्मा तथा वरिष्ठ उपप्रधान ऊषा शर्मा ने उन्हें हार पहनाकर सम्मानित किया, जबकि उपस्थित अन्य पेंशनरों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

बैठक के दौरान पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया। वरिष्ठ उपप्रधान ऊषा शर्मा ने कहा कि सरकार पेंशनरों की समस्याओं और मांगों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो पेंशनर वर्ग आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा। उन्होंने यहां तक कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं भूख हड़ताल पर बैठने के लिए भी तैयार हैं।

बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने एक स्वर में मांग उठाई कि वर्ष 2016 से 2022 तक सेवानिवृत कर्मचारियों की लंबित बकाया राशि शीघ्र जारी की जाए। साथ ही वर्ष 2022 से अब तक सेवानिवृत हुए पेंशनरों की संशोधित पेंशन का बकाया भी तत्काल प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त लीव इनकैशमेंट, चिकित्सा भत्ता, कम्यूटेशन स्वीकृति तथा अन्य वित्तीय देयों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान करने की मांग भी उठाई गई।

जिला प्रधान श्री सेस राम ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 मई 2026 को सरकार को पेंशनरों की 20 सूत्रीय मांगों का चार्टर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने आशा जताई कि सरकार पेंशनरों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
बैठक में जिला महासचिव मोहर सिंह सीस, महेंद्र डोगरा तथा अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पेंशनरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान यह मामला भी सामने आया कि चंद्रा देवी, जो 24 फरवरी 2024 को तहसील कार्यालय बंजार से सेवादार पद से सेवानिवृत हुई थीं, उनका पेंशन मामला अभी तक लंबित पड़ा हुआ है। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों से इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर पेंशन स्वीकृत करने की मांग की गई।

बैठक में एक महत्वपूर्ण मुद्दा यह भी उठाया गया कि एसोसिएशन द्वारा विभिन्न विभागों को भेजे गए पत्रों का जवाब समय पर प्राप्त नहीं होता, जिससे पेंशनरों और संगठन को वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाती। इस पर सरकार से सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।
बैठक का संचालन खंड सचिव श्री तेज प्रताप भारद्वाज ने किया। अंत में खंड प्रधान श्री प्रीतम शर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सरकार से पेंशनरों की जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। शांति पाठ के उच्चारण के साथ बैठक का समापन हुआ।














