बंजार (कुल्लू)
हिमाचल प्रदेश उत्साहमें पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही

उपमंडल बंजार में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति तथा जिला परिषद पदों के लिए प्रत्याशियों ने उत्साहपूर्वक अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। पहले दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के नामांकन भरने से चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आया।
वीरवार को उपमंडल बंजार की दो जिला परिषद वार्डों के लिए कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। जिला परिषद बलागाड़ वार्ड से कांता राणा ने अकेले अपना नामांकन प्रस्तुत किया, जबकि जिला परिषद धाउगी वार्ड से बालकृष्ण ठाकुर, गिरधारी लाल तथा तुलसी कृष्ण ने अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए।
वहीं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए उपमंडल की 15 पंचायत समितियों में अब तक 15 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इसके अतिरिक्त उपमंडल की 40 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 57 प्रत्याशियों तथा उपप्रधान पद के लिए 58 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे।
इसी प्रकार 40 पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 216 वार्डों में से 150 वार्ड पंच उम्मीदवारों ने भी पहले दिन अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की।
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं रिटर्निंग ऑफिसर बंजार पंकज शर्मा, तहसीलदार नीरज शर्मा तथा खंड विकास अधिकारी ललित ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों की विधिवत जांच की जा रही है तथा पूरी प्रक्रिया निर्वाचन नियमों के तहत संपन्न करवाई जा रही है।
रिटर्निंग ऑफिसर पंकज शर्मा ने बताया कि प्रत्याशियों को विधिपूर्वक शपथ भी दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले दिन नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा आने वाले दिनों में भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।

















