फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार, कुल्लू।
विकास खंड बंजार की ग्राम पंचायत तादी में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान तीन वार्डों से वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पंचायत के वार्ड नंबर-1 नरहां से भगवान सिंह, वार्ड नंबर-3 भालायं से झांसी शर्मा तथा वार्ड नंबर-4 तादी से सविता देवी निर्विरोध वार्ड सदस्य चुनी गई हैं।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद पंचायत क्षेत्र में समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, स्थानीय निवासी तथा महिला मंडलों की सदस्य भी उपस्थित रहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्विरोध निर्वाचन से पंचायत में आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश गया है। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि नव निर्वाचित सदस्य पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा ग्रामीण हितों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।
इस दौरान नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।

निर्विरोध निर्वाचन के उपलक्ष्य में पंचायत क्षेत्र में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए प्रशासन और स्थानीय जनता की भी सराहना की जा रही है।














