फ्रंट पेज न्यूज़, बंजार
बंजार उपमंडल में पंचायत राज चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नामांकन के अंतिम दिन धाउगी जिला परिषद वार्ड से 6 नए उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिसके बाद इस वार्ड से कुल उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 10 पहुंच गई है। प्रशासन द्वारा जारी प्रपत्र-20 के अनुसार अंतिम दिन ओम प्रकाश, दर्शन ठाकुर, तेजा सिंह, कृष्ण देव, विजय कुमार तथा पूर्ण चंद ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया।


निर्वाचन कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली, जहां उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। धाउगी वार्ड इस बार पूरे बंजार क्षेत्र में सबसे अधिक चर्चाओं में बना हुआ है। इसका मुख्य कारण इस वार्ड की आरक्षण स्थिति रही है।
पहले जारी अधिसूचना में इस वार्ड को आरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन बाद में संशोधित सूचना जारी होने पर इसे सामान्य वर्ग के लिए घोषित कर दिया गया। इसके बाद कई नए चेहरे चुनावी मैदान में उतर आए और राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल गए।

जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश ने नारायण सिंह को प्रस्तावक बनाकर नामांकन दाखिल किया, दर्शन ठाकुर के प्रस्तावक रोशन लाल रहे, जबकि तेजा सिंह के प्रस्तावक जीवन सिंह बने। इसी प्रकार कृष्ण देव ने किशोरी लाल को प्रस्तावक बनाया, विजय कुमार के प्रस्तावक अमृता कुमारी रहीं तथा पूर्ण चंद ने निम्ब राम को प्रस्तावक के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
धाउगी वार्ड में उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या के बाद अब मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। क्षेत्र की पंचायतों और गांवों में चुनावी चर्चाएं तेज हो चुकी हैं और समर्थकों ने प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बार यहां बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अब सभी की नजर 15 मई पर टिकी हुई है, जब नाम वापसी की अंतिम प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने रहते हैं और मुकाबला किस दिशा में जाएगा।
वहीं दूसरी ओर बालागाड़ जिला परिषद वार्ड से अंतिम दिन कोई नया नामांकन दाखिल नहीं हुआ। इस वार्ड से पूर्व में सामान्य वर्ग की तीन महिला उम्मीदवार अपना नामांकन भर चुकी हैं। फिलहाल यहां चुनावी स्थिति अपेक्षाकृत शांत दिखाई दे रही है, हालांकि आगामी दिनों में प्रचार अभियान के दौरान राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पंचायत चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।















