फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत विकासखंड बंजार में शनिवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही मतदाताओं में अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दिनभर विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही और बड़ी संख्या में लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाई।

रिटर्निंग अधिकारीपंचायत)-सह-उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा द्वारा जारी मतदान रिपोर्ट के अनुसार सुबह 9 बजे तक 2,791 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल मतदान का 19.10 प्रतिशत था। इसके बाद मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई और सुबह 11 बजे तक 5,812 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़कर 39.77 प्रतिशत पहुंच गया।

दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रक्रिया ने और गति पकड़ी तथा कुल 9,137 मतदाताओं ने मतदान किया। इस समय तक मतदान प्रतिशत 62.53 प्रतिशत दर्ज किया गया। दोपहर बाद भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और मतदान केंद्रों पर लोगों की अच्छी-खासी मौजूदगी बनी रही।

प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं।
अंतिम मतदान रिपोर्ट के अनुसार मतदान समाप्ति तक विकासखंड बंजार में कुल 12,789 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 6,472 पुरुष और 6,317 महिला मतदाता शामिल रहे।

इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 87.52 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो क्षेत्र में मतदाताओं की जागरूकता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मतदान के दौरान किसी भी मतदान केंद्र से किसी अप्रिय घटना या व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई। चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से मतदान सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू को प्रेषित रिपोर्ट में मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन की जानकारी दी गई है।

अब क्षेत्र के मतदाताओं और प्रत्याशियों की निगाहें 31 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिसमें जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।












