फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
उपमण्डल बंजार में जिला परिषद तथा पंचायत समिति निर्वाचन-2026 की मतगणना 31 मई को प्रातः 9 बजे से अम्बेडकर भवन, बंजार में शुरू होगी। मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) बंजार ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए कुल 15 मतगणना टेबल स्थापित किए गए हैं। इनमें से 3 टेबल महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवंटित किए गए हैं, जिससे महिला सहभागिता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके। इसके अतिरिक्त 12 टेबल अन्य मतगणना कर्मचारियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

आवश्यकता पड़ने पर कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 4 महिला अधिकारियों को रिजर्व ड्यूटी पर भी तैनात किया गया है।
मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतगणना केंद्र में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है तथा वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यवेक्षण के लिए नियुक्त किया गया है।

विज्ञापन
मतगणना कर्मियों को 29 मई को पूर्वाभ्यास भी करवाया गया, ताकि मतगणना कार्य त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
स्ट्रॉन्ग रूम से मतपेटियों और चुनाव सामग्री को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल अधिकृत उम्मीदवारों, मतगणना अभिकर्ताओं तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

प्रशासन द्वारा उम्मीदवारों, मतगणना अभिकर्ताओं और अन्य अधिकृत व्यक्तियों के वाहनों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा प्रत्याशियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है।

मतगणना केंद्र में प्राथमिक उपचार, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था (पावर बैकअप) भी सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों, मतगणना अभिकर्ताओं एवं आम जनता से मतगणना प्रक्रिया के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है, ताकि मतगणना कार्य सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सके।












