फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।

मतदान आंकड़ों के अनुसार 2,847 पुरुष तथा 2,965 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों की अपेक्षा अधिक दर्ज की गई है, जिससे चुनाव के प्रति महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इससे पूर्व सुबह 9 बजे तक 2,791 मतदाता मतदान कर चुके थे, जिनमें 1,529 पुरुष और 1,262 महिलाएं शामिल थीं। उस समय कुल मतदान प्रतिशत 19.10 दर्ज किया गया था। अगले दो घंटों में मतदान की रफ्तार तेज रही और मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के अंतर्गत विकासखंड बंजार में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। सुबह 11 बजे तक प्राप्त मतदान रिपोर्ट के अनुसार कुल 5,812 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 39.77 प्रतिशत है।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बंजार द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू को भेजी गई दो घंटे की मतदान रिपोर्ट में बताया गया है कि विकासखंड के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना अथवा व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं तथा मतदाता उत्साहपूर्वक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने शेष मतदाताओं से भी मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।












