फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
पंचायत राज चुनाव-2026 के अंतर्गत विकासखंड बंजार में जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्डों की मतगणना को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मतगणना टीमों और माइक्रो ऑब्जर्वरों का अंतिम पूर्वाभ्यास 31 मई को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) बंजार पंकज शर्मा द्वारा कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार मतगणना कार्य में नियुक्त सभी मतगणना कर्मियों तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों को 31 मई को प्रातः 8:15 बजे अंबेडकर भवन, बंजार स्थित मतगणना हॉल में आयोजित अंतिम पूर्वाभ्यास में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति से बचते हुए चुनाव परिणामों को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
रिटर्निंग अधिकारी ने कहा है कि मतगणना ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए पूर्वाभ्यास में भाग लेना अनिवार्य होगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा चुनाव संबंधी नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

कार्यालय आदेश की प्रतिलिपि जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू, खंड विकास अधिकारी बंजार, मतगणना प्रभारी अधिकारियों, प्रशिक्षण प्रबंधन नोडल अधिकारी तथा मतगणना कार्य में तैनात सभी अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वरों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि पंचायत चुनावों की मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।












