मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

मतगणना में महिलाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बंजार में पहली बार महिला अधिकारियों को सौंपी गई स्वतंत्र मतगणना ड्यूटी।

फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।


पंचायत निर्वाचन-2026 के तहत उपमण्डल बंजार में इस बार मतगणना प्रक्रिया में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई और महत्वपूर्ण पहल की गई है। पहली बार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्र रूप से मतगणना कार्य का दायित्व सौंपा गया है।

उपमण्डल प्रशासन के इस कदम को निर्वाचन प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है।


कार्यालय रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) बंजार से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतगणना केंद्र में कुल तीन मतगणना टेबल पूरी तरह महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवंटित की गई हैं। इन टेबलों पर महिलाएं स्वतंत्र रूप से मतगणना का कार्य संभालेंगी। इसके अतिरिक्त चार महिला अधिकारियों को रिजर्व ड्यूटी पर भी तैनात किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी सेवाएं ली जा सकें।

विज्ञापन


मतगणना कार्य को पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इन महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन भी किया गया। शुक्रवार को आयोजित इस पूर्वाभ्यास में उन्हें मतगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतपत्रों की गणना, अभिलेखों के संधारण, परिणामों के संकलन तथा अन्य आवश्यक निर्वाचन प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

विज्ञापन


प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से न केवल उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को नई पहचान मिलेगी, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में समावेशिता भी और अधिक मजबूत होगी।


रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) बंजार ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से मतगणना प्रक्रिया अधिक प्रभावी, प्रेरणादायक और समावेशी बनेगी।


उल्लेखनीय है कि पंचायत निर्वाचन-2026 के तहत 31 मई को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बीच महिलाओं को दी गई यह जिम्मेदारी उपमण्डल बंजार में प्रशासनिक कार्यों में लैंगिक समानता और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम माना जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

You cannot copy content of this page