मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

आनी में मतगणना पूर्वाभ्यास आयोजित, 31 मई को होगी मतगणना।

फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा,)आनी।


पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत विकास खंड आनी की 38 पंचायतों में जिला परिषद के दो वार्डों तथा पंचायत समिति के 15 वार्डों के सदस्य पदों के लिए सम्पन्न हुए चुनावों की मतगणना 31 मई को राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) में की जाएगी।

मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मतगणना केंद्र में मतगणना अधिकारियों, सुपरवाइजरों, सहायकों तथा अन्य कर्मचारियों के लिए पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया गया।

विज्ञापन


पूर्वाभ्यास के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक नरेंद्र चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट के साथ मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने मतगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा शांतिपूर्ण ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।


निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लक्ष्मण कनेट ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बिना किसी पूर्वाग्रह के कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई मतपत्र संदेहास्पद प्रतीत होता है तो उसे तुरंत सहायक निर्वाचन अधिकारी के संज्ञान में लाया जाए, ताकि नियमों के अनुरूप निर्णय लिया जा सके।

विज्ञापन


पंचायत निरीक्षक जोगेंद्र शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए मतगणना से संबंधित निर्धारित प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से भरने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना कर्मियों को प्रत्येक चरण की प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण भी प्रदान किया।

विज्ञापन


निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतगणना अधिकारियों, कर्मचारियों, चुनाव प्रत्याशियों तथा मतगणना अभिकर्ताओं को 31 मई को सुबह 7 बजे से पहले मतगणना केंद्र में पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता अपने प्रवेश पास (एंट्री पास) बीडीओ कार्यालय से प्राप्त कर लें। बिना एंट्री पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

विज्ञापन


उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी। साथ ही, मतगणना हॉल में एक बार प्रवेश करने के बाद किसी को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि मतगणना प्रक्रिया की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनी रहे।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत समिति) एवं तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा, बीडीओ आनी विवेक टेसू, नायब तहसीलदार आनी मोती राम, राजकीय महाविद्यालय आनी के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर सहित मतगणना अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

You cannot copy content of this page