फ्रंट पेज न्यूज़,तीर्थन घाटी गुशैणी/बंजार (परस राम भारती):
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी स्थित ग्राम पंचायत नोहान्डा से लोकतांत्रिक सौहार्द और आपसी एकजुटता की मिसाल पेश करने वाली सकारात्मक खबर सामने आई है। विश्व धरोहर स्थल Great Himalayan National Park से सटी दूरदराज पंचायत नोहान्डा के वार्ड नंबर-2 काऊंचा से गोपाल सिंह को पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।

गोपाल सिंह पुत्र जीवन लाल निवासी गांव खरूंगचा के निर्विरोध चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसे गांव में आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी चुनावी मुकाबले के हुआ यह चयन पंचायत स्तर पर लोकतांत्रिक सहमति और सहयोग की भावना को दर्शाता है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि गोपाल सिंह ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएंगे। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।

ग्राम पंचायत नोहान्डा और काऊंचा वार्ड के लोगों ने गोपाल सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। वहीं, गोपाल सिंह ने सर्वसम्मति से पंच चुने जाने पर वार्ड की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और लोगों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहेंगे।
यह निर्विरोध चुनाव पंचायत स्तर पर भाईचारे, समझदारी और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने वाला एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।















