बलागाड़ से तीन की दावेदारी।
फ्रंट पेज न्यूज़, बंजार।
बंजार उपमंडल में पंचायत राज चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद वार्डों में चुनावी सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिला परिषद के धाउगी और बालागाड़ वार्डों में नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।

विज्ञापन
रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि धाउगी वार्ड से नामांकन दाखिल करने वाले सभी 10 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं, जबकि बालागाड़ वार्ड से तीन महिला प्रत्याशियों के नामांकन भी वैध पाए गए हैं।

धाउगी जिला परिषद वार्ड इस बार पूरे बंजार क्षेत्र में सबसे चर्चित सीट बनकर उभरा है। पहले इस वार्ड को आरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन बाद में संशोधित अधिसूचना जारी होने पर इसे सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित कर दिया गया। इसके बाद चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए और कई नए चेहरे मैदान में उतर आए।


विज्ञापन
धाउगी वार्ड से गिरधारी लाल, बालकृष्ण, तुलसी किशन, प्रेम सिंह, ओम प्रकाश, दर्शन ठाकुर, तेजा सिंह, कृष्ण देव, विजय कुमार तथा पूर्ण चंद ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। अंतिम दिन 6 नए नामांकन आने के बाद इस वार्ड से कुल उम्मीदवारों की संख्या 10 पहुंच गई थी।
स्क्रूटनी के बाद सभी नामांकन सही पाए जाने से अब धाउगी वार्ड में मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। क्षेत्र की पंचायतों और गांवों में चुनावी चर्चाएं तेज हो चुकी हैं और समर्थकों ने प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि सभी उम्मीदवार मैदान में बने रहते हैं तो यहां बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
वहीं बालागाड़ जिला परिषद वार्ड से सामान्य वर्ग की तीन महिला प्रत्याशी — कुसुम लता, भावना चौहान और कांता राणा — के नामांकन पत्र भी सही पाए गए हैं। इस वार्ड से अंतिम दिन कोई नया नामांकन दाखिल नहीं हुआ था, जिसके चलते फिलहाल मुकाबला इन तीन महिला उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है।

विज्ञापन
अब आगे सभी की निगाहें 15 मई पर टिकी हुई हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि तक यदि कुछ उम्मीदवार अपने नाम वापस लेते हैं तो चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। 15 मई के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर कितने उम्मीदवार अंतिम रूप से चुनाव मैदान में बने रहेंगे और मुकाबला किस दिशा में जाएगा।

रिटर्निंग ऑफिसर पंकज शर्मा ने बताया कि पंचायत चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा आगामी चुनावी प्रक्रिया भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।















