फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
जीवन और मृत्यु का समय, स्थान तथा परिस्थितियां पूर्व निर्धारित मानी जाती हैं। ऐसी ही एक दुखद घटना मंगलवार को सामने आई, जब कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसी बैंक) की गुशैणी शाखा में कार्यरत अकाउंटेंट छपे राम का अचानक निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार छपे राम मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे अपने गांव धारधार से रोज़ की तरह ड्यूटी के लिए निकले थे। करीब 15 से 18 किलोमीटर की यात्रा तय कर वे गुशैणी स्थित कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा में पहुंचे। बताया जा रहा है कि शाखा पहुंचने के कुछ ही समय बाद उन्हें अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) आया और उनकी तबीयत गंभीर हो गई।

सहकर्मियों द्वारा उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए गुशैणी में स्वास्थ्य सुविधा केंद्र ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिविल अस्पताल बंजार रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस अप्रत्याशित घटना से बैंक कर्मचारियों, क्षेत्रवासियों तथा उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। सुबह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर से अपने कार्यस्थल के लिए निकले छपे राम के अचानक निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया। क्षेत्र के लोगों ने इसे जीवन की अनिश्चितता का मार्मिक उदाहरण बताते हुए कहा कि वास्तव में मृत्यु न तो समय देखती है और न ही स्थान।

दिवंगत छपे राम अपने व्यवहार, कार्यकुशलता और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से बैंक तथा क्षेत्र ने एक समर्पित और कर्मठ कर्मचारी को खो दिया है।
कैप्शन: सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकले केसीसी बैंक कर्मचारी छपे राम का गुशैणी शाखा में अचानक हृदयाघात से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।













