फ्रंट पेज न्यूज़,कुल्लू।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जिला परिषद वार्ड संख्या-11 जरड़भुट्टी तथा वार्ड संख्या-5 धाऊगी की मतगणना को लेकर प्राप्त शिकायतों के संदर्भ में सोमवार को संबंधित पक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ विस्तृत बैठक कर मामले की गहन समीक्षा की।

उपायुक्त ने शिकायतकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और सभी पक्षों को अपनी-अपनी बात रखने का पूरा अवसर प्रदान किया तथा शिकायत से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर विवेचना की। इस दौरान संबंधित उपमंडलाधिकारी (नागरिक) तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से भी आवश्यक जानकारी और अभिलेख प्राप्त कर उनका परीक्षण किया गया।

उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों के संबंध में सभी तथ्यों, दस्तावेजों और परिस्थितियों का विधिसम्मत परीक्षण किया गया। समीक्षा के दौरान मतगणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की गंभीर अनियमितता या नियमों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित वार्डों में मतगणना के दौरान निर्धारित चुनावी प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन किया गया। फॉर्म-38 (पार्ट 1) भरने के उपरांत नियमानुसार पुनर्गणना (री-काउंटिंग) भी करवाई गई। पुनर्गणना के बाद मतों का विधिसम्मत परीक्षण किया गया। इसके उपरांत निर्वाचन नियमों के अनुरूप चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला परिषद वार्ड संख्या-11 जरड़भुट्टी तथा वार्ड संख्या-5 धाऊगी के चुनाव परिणाम विधिवत घोषित किए जा चुके हैं। ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों में परिणामों के संबंध में किसी प्रकार का प्रशासनिक हस्तक्षेप निर्वाचन नियमों के अनुरूप संभव नहीं है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को अवगत करवाया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के अंतर्गत यदि किसी प्रत्याशी, मतदाता अथवा अन्य संबंधित पक्ष को चुनाव परिणाम या चुनाव प्रक्रिया के संबंध में कोई आपत्ति अथवा शिकायत है, तो वह निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सक्षम प्राधिकारी के समक्ष निर्वाचन याचिका प्रस्तुत कर सकता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में ऐसे विवादों के निपटारे के लिए स्पष्ट कानूनी प्रावधान उपलब्ध हैं।

उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने लोगों से लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेता है और कानून एवं नियमों के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता, पारदर्शिता और जनविश्वास को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी सभी निर्वाचन संबंधी कार्य पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएंगे।















