फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
नगर पंचायत बंजार के नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली बैठक आगामी 8 जून 2026 को दोपहर 2:30 बजे नगर पंचायत कार्यालय बंजार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के साथ-साथ नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न करवाई जाएगी।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उपायुक्त कुल्लू से प्राप्त निर्देशों के तहत हिमाचल प्रदेश नगर निकाय चुनाव नियम, 2015 के नियम 88, 89, 90 एवं 91 के प्रावधानों के अनुरूप यह बैठक बुलाई गई है। प्रशासन ने उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार को नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न करवाने के लिए अधिकृत किया है।

बैठक के दौरान सबसे पहले सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। नगर पंचायत बंजार के गठन के बाद यह पहली औपचारिक बैठक होगी, जिस पर स्थानीय लोगों की भी नजरें टिकी हुई हैं।

प्रशासन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है ताकि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके। नगर पंचायत सचिव को भी निर्देश दिए गए हैं कि बैठक की सूचना सभी निर्वाचित सदस्यों तक समय रहते पहुंचाना सुनिश्चित करें।

इस संबंध में सूचना राज्य चुनाव आयोग, उपायुक्त कुल्लू, शहरी विकास विभाग तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी को भी भेज दी गई है ताकि बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।














