फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंद्र शर्मा)आनी डीम।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डीम में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की संचालिका एवं वोकेशनल ट्रेनर बबीता ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर से लेकर डीम बस स्टैंड तक एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने तंबाकू विरोधी नारों के माध्यम से लोगों को इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य रवि शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने तथा जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।


इस अवसर पर प्रवक्ता इतिहास दलीप शर्मा, आत्मा सिंह सहित विद्यालय के अनेक अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर डीम बस स्टैंड तक निकाली गई जागरूकता रैली में भाग लेते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डीम के विद्यार्थी।













