मतगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण।
फ्रंट पेज न्यूज़ (राज शर्मा)आनी।
विकास खण्ड आनी के अंतर्गत पंचायत समिति तथा जिला परिषद सदस्यों की मतगणना आगामी 31 मई 2026 को राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) में संपन्न होगी। इस संबंध में नियुक्त मतगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायत समिति सभागार आनी में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने की। उन्होंने मतगणना कार्य में नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर मतगणना केंद्र में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बिना केंद्र न छोड़ें।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय महाविद्यालय हरिपुर स्थित मतगणना केंद्र में कुल 15 टेबल स्थापित किए गए हैं।

सर्वप्रथम पंचायत समिति के 15 वार्डों की क्रमवार मतगणना की जाएगी। इसके उपरांत जिला परिषद के बखनाओ तथा लझेरी वार्ड की मतगणना एक साथ संपन्न करवाई जाएगी।

पंचायत निरीक्षक जोगिंदर शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि मतगणना प्रक्रिया 31 मई को प्रातः 9 बजे आरंभ होगी, जबकि सभी मतगणना अधिकारी एवं कर्मचारी प्रातः 7 बजे तक अपनी उपस्थिति दर्ज करवाना सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से किसी भी मतगणना अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी, उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता अथवा मतगणना अभिकर्ता को बिना एंट्री पास के मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

















