एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर टीमों को किया रवाना।
फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार,( कुल्लू)।

पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 26 मई को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए बंजार विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में तैनात पोलिंग पार्टियां आज प्रातः अपने-अपने मतदान केंद्रों और मतदान केंद्र की ओर रवाना हो गईं।

उपमंडलाधिकारी (ना.) बंजार एवं रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) पंकज शर्मा ने चुनावी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए।

चुनाव ड्यूटी पर रवाना होने वाली टीमों को आवश्यक चुनाव सामग्री, मतपेटियां एवं अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाए गए। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों की पंचायतों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया समय पर और सुचारू रूप से पूरी हो सके।


प्रशासन द्वारा चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
विज्ञापन

उल्लेखनीय है कि बंजार विकास खंड की कुल 40 पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव करवाए जा रहे हैं। इनमें से 14 पंचायतों में पहले चरण का मतदान 26 मई को होगा।

दूसरे चरण का मतदान 28 मई तथा तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान 30 मई को संपन्न करवाया जाएगा।
प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की है।













