टॉप-10 मेरिट सूची में हासिल किए प्रथम और द्वितीय स्थान, क्षेत्र में खुशी की लहर
फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी।

शिक्षा खंड आनी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला निगान की दो छात्राओं ने जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) चयन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा युविका ठाकुर पुत्री श्री यश पाल ठाकुर एवं श्रीमती शोभना ठाकुर तथा अदिति ठाकुर पुत्री श्री हरदयाल ठाकुर एवं श्रीमती चैतन्या ठाकुर का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय की टॉप-10 मेरिट सूची में हुआ है।


विशेष बात यह रही कि छात्रा युविका ठाकुर ने मेरिट सूची में प्रथम स्थान तथा अदिति ठाकुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सरकारी विद्यालय की छात्राओं की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।

छात्राओं की इस सफलता से विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि साबित करती है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे भी अपनी मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि दोनों छात्राएं शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और अनुशासित रही हैं। उनकी सफलता का श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत के साथ-साथ विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को भी जाता है, जिन्होंने उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया।

समाज के लिए प्रेरणा बनी सरकारी स्कूल की छात्राओं का जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए चयन अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। इससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है।













