मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 84.77 प्रतिशत मतदान दर्ज।




फ्रंट पेज न्यूज़ राज शर्मा (आनी)


विकास खंड आनी में पंचायती राज चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत 28 मई को सभी 13 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। मतदान के उपरांत देर रात तक प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। दूसरे चरण में कुल 84.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
चुनाव परिणामों में ग्राम पंचायत कमांद से देवेंद्र कुमार ने प्रधान पद पर सर्वाधिक 430 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं ग्राम पंचायत बिश्लाधार की चर्चित प्रधान पद की सीट पर दूनी चंद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 24 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त की। ग्राम पंचायत कराना-1 में उपप्रधान पद का मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जहां प्रवेश शर्मा मात्र एक मत के अंतर से विजेता घोषित हुए।
इस बीच पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों की मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है।

विज्ञापन


निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बताया कि पंचायती राज चुनाव के अंतिम चरण का मतदान 30 मई को प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में लगौटी, कोटासेरी, बखनाओ, रोपा, तलूणा, कुंगश, बटाला, देउठी, शिल्ली, बेहना, नम्होंग तथा आनी पंचायतों के कुल 66 वार्डों में मतदान होगा।


उन्होंने बताया कि सभी 66 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर सकुशल पहुंच चुकी हैं तथा मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। अंतिम चरण में कुल 16,334 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें ग्राम पंचायत बखनाओ में सर्वाधिक 2,014 मतदाता मतदान के पात्र हैं।
एसडीएम ने बताया कि 30 मई को मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायतों के निर्धारित स्थलों पर की जाएगी। जबकि पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) में संपन्न होगी।

विज्ञापन

मतदान समाप्ति के पश्चात पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों की मतपेटियों को सेक्टर अधिकारियों की निगरानी में पूर्ण सुरक्षा के साथ स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने चुनाव संबंधी किसी भी सूचना अथवा शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नागरिक दूरभाष नंबर 01904-299014 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

You cannot copy content of this page