फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत विकासखंड बंजार में बुधवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। विकासखंड के अंतर्गत स्थापित सभी 76 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार विकासखंड बंजार में कुल 14,562 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 7,404 पुरुष तथा 7,158 महिला मतदाता शामिल रहे। कुल मतदान प्रतिशत 87.26 दर्ज किया गया। मतदान के दौरान सुबह 9 बजे तक 20.42 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 11 बजे तक बढ़कर 39.88 प्रतिशत तथा दोपहर 1 बजे तक 64.32 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद शाम तक मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई और अंतिम आंकड़ा 87.26 प्रतिशत तक पहुंचा।
रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत)-cum-एसडीओ (सिविल) बंजार द्वारा जारी पोल कम्पलीशन प्रमाण पत्र के अनुसार दूसरे चरण के चुनावों के लिए स्थापित सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजकर 36 मिनट तक बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। पूरे चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रही तथा सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न हुआ।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम, कर्मचारियों की तैनाती तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। मतदान केंद्रों पर महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।

ग्राम पंचायत शैंशर में मतदान प्रक्रिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, सुरक्षा बलों तथा मतदाताओं का शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान सम्पन्न कराने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी जागरूकता और विश्वास को दर्शाती है।















