फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
उपमंडल बंजार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के तहत पंचायत स्तर के सभी चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। तीसरे और अंतिम चरण की मतगणना शनिवार देर शाम से रात तक चली, जिसके बाद अंतिम चरण की 16 पंचायतों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए।

इससे पहले प्रथम चरण में 14 तथा द्वितीय चरण में 14 पंचायतों के परिणाम सामने आए थे। तीनों चरणों को मिलाकर उपमंडल बंजार की कुल 40 पंचायतों में नए पंचायत प्रतिनिधियों का चयन हो चुका है।

पंचायत चुनावों के परिणाम आने के साथ ही गांव-गांव में नई पंचायतों के गठन को लेकर उत्साह का माहौल है। विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में जश्न का दौर जारी है, जबकि पराजित प्रत्याशी चुनाव परिणामों का विश्लेषण करने में जुटे हैं।

वहीं रविवार को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना प्रक्रिया जारी है। बंजार पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए मतगणना निर्धारित 15 टेबलों पर चल रही है। दोपहर एक बजे तक किसी भी वार्ड का आधिकारिक परिणाम घोषित नहीं हो पाया था, हालांकि मतगणना कार्य लगातार जारी था।

मतगणना केंद्र में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच पंचायत समिति के सभी 15 वार्डों के परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है। इसके साथ ही जिला परिषद के दो वार्डों के परिणाम भी बंजार में घोषित किए जाएंगे।

जिला परिषद के अंतर्गत धाउगी वार्ड सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि बालागाड़ (Balagad) वार्ड महिला आरक्षित श्रेणी के अंतर्गत आता है। इन दोनों वार्डों के परिणामों पर भी पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पंचायत समिति और जिला परिषद की मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से चल रही है तथा देर शाम तक सभी परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पंचायतों के परिणाम आने के बाद अब लोगों की उत्सुकता पंचायत समिति और जिला परिषद के अंतिम नतीजों को लेकर बनी हुई है।












