फ्रंट पेज न्यूज़, बंजार (कुल्लू)
आगामी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर विकास खंड बंजार, जिला कुल्लू में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पूरे विकास खंड में कुल 40 पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
इन पंचायतों में कुल 47,660 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 24,434 पुरुष और 23,226 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की यह संख्या क्षेत्र में लोकतांत्रिक भागीदारी की मजबूत तस्वीर पेश करती है।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा कुल 216 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में मतदान की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु 216 मतदान केंद्र (Polling Stations) स्थापित किए जाएंगे।
यदि पंचायतवार स्थिति पर नजर डालें तो बंजार विकास खंड की पंचायतें जैसे बालू, बागी कश्यारी, चनौन, देउठा, कलवारी, शर्ची, तीर्थन, जीभी, सुचैहण, तुंग, विहार आदि में मतदाताओं की संख्या अलग-अलग है, लेकिन हर पंचायत में लगभग 5 से 7 वार्ड बनाए गए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।

विज्ञापन
प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के साथ-साथ चुनाव कर्मियों की तैनाती की योजना भी तैयार कर ली है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
बंजार विकास खंड पंचायतों का लेखा-जोखा इस प्रकार रहेगा।
कुल पंचायतें: 40
कुल मतदाता: 47,660
पुरुष मतदाता: 24,434
महिला मतदाता: 23,226
कुल वार्ड: 216
कुल मतदान केंद्र: 216

पंचायत चुनाव 2026 को लेकर बंजार क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और उम्मीदवारों द्वारा जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह चुनाव क्षेत्र की स्थानीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। जैसे ही नामांकन वापसी के बाद अंतिम रूप से जो उम्मीदवार मैदान में डटे रहेंगे तो उन्हें अपने पक्ष में वोटरों को रिझाने के पूरे प्रयास होंगे अभी तो काफी लोग इस दिशा में चल रहे हैं।














