कुल्लू: पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनज़र हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (एचजीवीएस) कुल्लू जिला इकाई ने आम जनता से नशा, धनबल और प्रलोभन से मुक्त लोकतांत्रिक चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की है। समिति ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है और इसे स्वच्छ, निष्पक्ष तथा जागरूक तरीके से संपन्न करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समिति द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि चुनावों के दौरान कई उम्मीदवार वोट हासिल करने के लिए शराब, अन्य नशे तथा पैसों का सहारा लेते हैं। इससे न केवल लोकतंत्र की मूल भावना प्रभावित होती है, बल्कि समाज में भ्रष्टाचार, अपराध और सामाजिक अव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है। समिति ने चिंता जताई कि चुनाव जीतने के लिए अवैध साधनों का उपयोग करने वाले प्रतिनिधि बाद में जनता के हितों के बजाय अपने खर्च की भरपाई में लग जाते हैं।

हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और मतदाताओं से जागरूक रहने का आह्वान किया है। समिति ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोग अपने क्षेत्र का विकास नहीं देखना चाहते, क्या वोट बिकाऊ बनना स्वीकार है, और क्या युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलना समाज को मंजूर होना चाहिए। समिति ने यह भी कहा कि नशे का वातावरण परिवारों को तोड़ता है और बेटियों की सुरक्षा तक प्रभावित होती है।

समिति ने जनता से अपील की है कि चुनाव प्रचार के दौरान शराब, नशा या धन बांटने वाले उम्मीदवारों का विरोध किया जाए और ऐसे लोगों को वोट न दिया जाए। गांव और मोहल्लों में मिलकर नशा बांटने वालों को रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास करने की भी बात कही गई है।

इसके साथ ही समिति ने उम्मीदवारों से मांग की है कि वे अपने घोषणा पत्र में यह शपथ लें कि चुनाव में न तो धनबल और नशे का उपयोग करेंगे और जीतने के बाद अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए ईमानदारी से कार्य करेंगे।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति कुल्लू इकाई के अध्यक्ष देश राज नेगी और सचिव हीरा लाल ने संयुक्त रूप से कहा कि स्वस्थ समाज और मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए सभी नागरिकों को जागरूक होकर स्वच्छ चुनाव की दिशा में आगे आना होगा।




















