फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
पंचायत समिति बंजार के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 6 जून 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी एवं पंचायत समिति बंजार के कार्यपालक अधिकारी द्वारा सभी निर्वाचित सदस्यों को औपचारिक सूचना जारी कर दी गई है।

जारी आदेशों के अनुसार पंचायत समिति बंजार के सभी नव-निर्वाचित सदस्य 6 जून को प्रातः 11:30 बजे विकास खंड कार्यालय (बीडीओ कार्यालय) बंजार के सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति बंजार के पीठासीन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा करेंगे। इस दौरान सदस्यों को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के तहत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

प्रशासन द्वारा जारी व्यक्तिगत नोटिसों के माध्यम से विभिन्न वार्डों से निर्वाचित सदस्यों को बैठक में समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें देहुरीधार, सुचैहण, धाऊगी, चकुरठा, गोपालपुर, चनौन, मंगलौर,कलबारी, शिल्ही, तुंग, विहार, तांदी, बलागाड़, खावल तथा सराज वार्डों के निर्वाचित सदस्य शामिल हैं।

खंड विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत समिति के गठन की प्रक्रिया को विधिवत पूरा करने तथा निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों का निर्वहन करने के लिए शपथ ग्रहण अनिवार्य है। शपथ ग्रहण के बाद पंचायत समिति बंजार की आगामी बैठकों और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने की प्रक्रिया भी प्रारम्भ होगी।

इस अवसर पर प्रशासन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने का आग्रह किया है। पंचायत समिति के गठन के साथ ही क्षेत्र में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।














