राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला बंजार द्वारा आयोजित प्रमुख जन संगोष्ठी बुधवार को नगवाई स्थित सत्य पैलेस में बड़े उत्साह, उमंग और अनुशासित वातावरण के बीच संपन्न हुई। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने भाग लेकर राष्ट्र और समाज निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तर क्षेत्र प्रचारक जतिन जी रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों का यह ऐतिहासिक सफर समाज जागरण, राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि संघ ने अपने शताब्दी काल में समाज को सकारात्मक दिशा देने, सामाजिक बुराइयों को दूर करने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने तथा समाज में सद्भाव और समरसता स्थापित करने का कार्य निरंतर किया है।


उन्होंने कहा कि संघ का कार्य केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि समाज में जागरूकता, नैतिक मूल्यों और आपसी सहयोग की भावना के कारण ही आज राष्ट्र नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।
अपने संबोधन में जतिन जी ने संघ के आगामी लक्ष्य “पंच परिवर्तन” का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य करेगा। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर समरस और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प संघ का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएचपीसी लिमिटेड पार्वती-3 जल विद्युत परियोजना बिहाली के महाप्रबंधक प्रभारी सुधीर नेगी उपस्थित रहे। उन्होंने भी समाज और राष्ट्रहित में संघ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ. राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।















