फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
नगर पंचायत बंजार आजकल विकास की ऐसी ऊंचाइयों को छू रहा है कि आम आदमी की उम्मीदें भी अब नालियों के पानी के साथ बहने लगी हैं। नगर पंचायत बनने के बाद लोगों ने सोचा था कि अब कस्बा चमकेगा, गलियां साफ होंगी, कूड़ा समय पर उठेगा और सुविधाओं की बहार आएगी। लेकिन फिलहाल स्थिति यह है कि जनता उम्मीदों के सहारे और गंदगी के किनारे जीवन यापन कर रही है।

बाजारों और गलियों में सफाई व्यवस्था इतनी व्यवस्थित है कि कूड़ा-कचरा भी शायद अपने स्थायी पते पर पहुंच चुका है। झाड़ू लगाने का कार्यक्रम भी किसी विशेष पर्व या दुर्लभ खगोलीय घटना की तरह माना जाता है, जिसे देखने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता।
सातों वार्डों में समस्याएं इतनी समान हैं कि लगता है नगर पंचायत में “समान विकास ” का सपना सच कर दिखाया है। कहीं नालियां गंदगी से लबालब हैं तो कहीं पानी निकासी की ऐसी व्यवस्था है कि बरसात में सड़क और नाली का अंतर पहचानना मुश्किल हो जाता है।


स्थानीय लोग वर्षों से अपनी व्यथा सुनाते आ रहे हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी पूरी गंभीरता से उनकी बातें सुनते हैं और फिर उन्हें आश्वासनों का नया पैकेज देकर अगली बैठक तक के लिए शांत कर देते हैं। जनता भी अब समझ चुकी है कि यहां समाधान कम और सांत्वना ज्यादा मिलती है।
नगर पंचायत की सबसे बड़ी मजबूरी सरकारी जमीन का अभाव बताया जाता है। यानी विकास करना तो बहुत चाहते हैं, लेकिन जमीन नहीं मिल रही। कूड़ा कहां फेंकें, योजना कहां बनाएं और सुविधा कहां खड़ी करें — यह प्रश्न आज भी उतना ही रहस्यमयी है जितना चुनावों से पहले किए गए वादों का भविष्य।

बिजली और पानी की स्थिति भी ऐसी है कि लोग अब शिकायत करने के बजाय किस्मत का हिस्सा मान चुके हैं। टैक्स और कूड़ा उठाने का शुल्क जरूर समय पर लिया जाता है, ताकि जनता को यह एहसास बना रहे कि व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है।
चुनाव आते ही विकास के सपने फिर से रंगीन हो जाते हैं। नेता जनता को भरोसा दिलाते हैं कि इस बार बंजार बदलेगा, चमकेगा और आदर्श नगर बनेगा। चुनाव खत्म होते ही वही पुरानी गलियां, वही पुरानी नालियां और वही पुरानी उम्मीदें फिर से नगर पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने लगती हैं।

अब लोग धीरे-धीरे यह समझने लगे हैं कि नगर पंचायत बंजार केवल एक प्रशासनिक दर्जा नहीं, बल्कि धैर्य, सहनशीलता और आश्वासनों पर टिके रहने की जीवंत प्रयोगशाला बन चुका है।














