418 अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया भाग, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश।
फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।
ग्राम पंचायत चुनाव 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने के उद्देश्य से विकासखंड बंजार के अंतर्गत आने वाली 40 पंचायतों के लिए बुधवार को कला केंद्र बंजार में पहली चुनावी रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों से नियुक्त 418 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर चुनाव प्रक्रिया संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
रिहर्सल कार्यक्रम में मतदान प्रक्रिया, पोलिंग पार्टी की जिम्मेदारियां, मतदान सामग्री के संचालन, मतपेटियों की सुरक्षा, मतदान केंद्रों की व्यवस्था तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। चुनाव कार्य में तैनात कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपमंडलाधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार हैं और इनका सफल संचालन प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ चुनाव ड्यूटी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि विकासखंड बंजार में कुल 40 ग्राम पंचायतों में पंचायत चुनाव आयोजित किए जाने हैं, जिनको सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पहली रिहर्सल के माध्यम से चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न आए। दूसरी रिहर्सल 23 मई को होगी।
















