फ्रंट पेज न्यू, सेंज।
जिला परिषद घाउगी वार्ड से आज़ाद प्रत्याशी रहे दर्शन ठाकुर ने बुधवार को सैंज घाटी की ग्राम पंचायत गाड़ापारली के शाकटी गांव का दौरा किया। हाल ही में प्रभु राई नाग के भंडार में आग लगने से हुए नुकसान के बाद उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कुलांतपीठ के पीठाधीश्वर महायोगी सत्येन्द्र नाथ भी उनके साथ उपस्थित रहे। गांव के लोगों ने आगजनी की घटना से हुए नुकसान और मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दर्शन ठाकुर ने प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महायोगी सत्येन्द्र नाथ के सौजन्य से भगवान राई नाग मंदिर के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए ₹50,000 की सहायता राशि भेंट की गई। इस सहयोग के लिए ग्रामीणों ने महायोगी सत्येन्द्र नाथ तथा दर्शन ठाकुर का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता मंदिर के पुनर्निर्माण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी।

दर्शन ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग देते रहेंगे।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन तथा समाज के अन्य लोग भी मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए आगे आएंगे, जिससे जल्द ही प्रभु राई नाग का भंडार और मंदिर परिसर पुनः अपने पुराने स्वरूप में स्थापित हो सकेगा।














