फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार (कुल्लू)।
नगर पंचायत बंजार के होनहार युवा डॉ. शिवम ठाकुर ने भारतीय सेना के सेना चिकित्सा कोर (Army Medical Corps) में कैप्टन बनकर क्षेत्र, जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से बंजार क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा सामाजिक, शैक्षणिक और विभिन्न संगठनों से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

जानकारी के अनुसार डॉ. शिवम ठाकुर का चयन भारतीय सेना के चिकित्सा कोर में हुआ है और अब वे शिमला स्थित सेना अस्पताल में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। उनकी इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। परिवार और क्षेत्रवासियों ने इसे वर्षों की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम बताया है।

डॉ. शिवम ठाकुर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र में प्राप्त करने के बाद चिकित्सा क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल की। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई आर्मेनिया से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने सेना चिकित्सा कोर में चयन के लिए आवश्यक परीक्षाओं और प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया।


उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है।
डॉ. शिवम ठाकुर की इस सफलता से उनके परिवार में भी हर्ष का माहौल है। परिजनों ने बताया कि शिवम बचपन से ही अनुशासित, मेहनती और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहे हैं। सेना में अधिकारी बनने का उनका सपना अब साकार हो गया है।

क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. शिवम ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि बंजार क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शिवम ठाकुर सेना में अपनी सेवाओं के माध्यम से देश और समाज की सेवा करते हुए नए आयाम स्थापित करेंगे।

व्यापार मंडल बंजार, सहित अनेक संस्थाओं एवं गणमान्य लोगों ने भी डॉ. शिवम ठाकुर को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।















