मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

पंचायती राज चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत वीरवार को बंजार विकास खंड की पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी।


फ्रंट पेज न्यूज़,बंजार।

  सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। विशेष रूप से महिलाओं और युवा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतंत्र के इस पर्व को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।

पोलिंग स्टेशन मतदान केंद्र वार्ड नंबर 6 ग्राम  पंचायत बलागाड़ (जहां 1:00 तक 83% मतदान हो चुका है)


प्राप्त दो घंटे की रिपोर्ट के अनुसार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बंजार विकास खंड में कुल 20.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान 3407 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 1957 पुरुष तथा 1450 महिला मतदाता शामिल रहे। इसके बाद मतदान की रफ्तार लगातार बढ़ती रही और सुबह 11 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत बढ़कर 39.88 प्रतिशत पहुंच गया। चार घंटे के भीतर कुल 6656 मतदाता मतदान कर चुके थे, जिनमें 3434 पुरुष तथा 3222 महिला मतदाता शामिल रहे।

ग्राम पंचायत शेंशर में मतदान करते हुए।



कई पंचायतों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बंजार खंड की बठाहड़ पंचायत में सुबह 11 बजे तक सबसे अधिक 55.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मशियार पंचायत में 54.80 प्रतिशत, बालागाड़ पंचायत में 49.93 प्रतिशत तथा शिल्ही पंचायत में 49.80 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सैंज, चकुरठा, बठाहड़ और तीर्थन घाटी क्षेत्र की पंचायतों में भी मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।

पुलिंग स्टेशन नंबर 6 ग्राम पंचायत बलागाड़


महिला मतदाताओं की भागीदारी कई पंचायतों में पुरुषों से अधिक रही। अनेक मतदान केंद्रों में महिलाएं सुबह से ही समूहों में मतदान करने पहुंचीं, जिससे ग्रामीण लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पुलिंग स्टेशन वार्ड नंबर 3 रोहलो ग्राम पंचायत बिहार।


निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस बार पंचायत चुनावों को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। मतदाता विकास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं। पंचायत स्तर पर विकास की नई उम्मीदों के साथ ग्रामीण मतदाता बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page