क्षेत्र में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी।
आनी क्षेत्र की होनहार बेटी स्वीटी श्याम ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्वीटी श्याम अब आकाशवाणी शिमला में समाचार वाचक एवं अनुवादक / सहायक समाचार संपादक के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

स्वीटी श्याम, डॉ. प्रकाश आचार्य की सुपुत्री हैं। शिक्षा पूर्ण करने के बाद वह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से चैनल-9 में एंकर एवं स्क्रिप्ट राइटर के पद पर कार्यरत रहीं। मीडिया क्षेत्र में अपने अनुभव और निरंतर मेहनत के दौरान उन्होंने आकाशवाणी शिमला की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।


क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
स्वीटी श्याम की सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों, मित्रों तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो मेहनत और समर्पण के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

उत्कृष्ट शैक्षणिक सफर
स्वीटी श्याम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर चवाई से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दसवीं की परीक्षा सरस्वती विद्या मंदिर आनी से उत्तीर्ण की, जबकि जमा दो की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चवाई से हासिल की।

स्नातक की पढ़ाई राजकीय डिग्री कॉलेज हरिपुर से पूरी करने के बाद उन्होंने हिंदी एवं समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्रदेश विश्वविद्यालय से प्राप्त की। वहीं एमएमसी एवं आईएमसीआई दिल्ली से भी शिक्षा ग्रहण की।
मेहनत और संस्कार को बताया सफलता की कुंजी

स्वीटी श्याम का कहना है कि मेहनत, लगन और अच्छे संस्कार ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़े तो सफलता अवश्य मिलती है।
Slug:















