फ्रंट पेज न्यूज़,जिभी/ बंजार
जिला पर्यटन विकास अधिकारी (DTDO) कुल्लू ने अपने फील्ड स्टाफ के साथ जीभी घाटी सिराज क्षेत्र में संचालित पर्यटन गतिविधियों का दो दिवसीय निरीक्षण एवं नियमित जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न होमस्टे, होटल, पर्यटन इकाइयों तथा साहसिक पर्यटन गतिविधियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के उपरांत JVTDA (जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन) के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों के साथ एक विस्तृत बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जीभी घाटी सिराज को जिला एवं प्रदेश स्तर पर जिम्मेदार और सतत पर्यटन (Responsible Tourism) का आदर्श गंतव्य बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्थानीय संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पर्यटन मानकों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विकास के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय परंपराओं को सुरक्षित रखना भी आवश्यक है।

DTDO कुल्लू ने बताया कि निरीक्षण के दौरान घाटी में कुछ पर्यटन गतिविधियां बिना अनुमति एवं नियमों के विरुद्ध संचालित होती पाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण एवं अवैध रूप से संचालित पर्यटन इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी होटल, होमस्टे एवं पर्यटन संचालकों से पर्यटन विभाग के दिशा-निर्देशों और कानूनी प्रावधानों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जीभी घाटी की सकारात्मक एवं जिम्मेदार पर्यटन छवि बनाए रखने में सभी का सहयोग आवश्यक है।














