मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के चुनाव 7 मार्च को, नामांकन 3 तक


जिभी, 26 फरवरी 2026।
पर्यटन नगरी जिभी में संगठनात्मक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन (JVTDA) की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए सामान्य चुनाव 7 मार्च 2026 को आयोजित किए जाएंगे। चुनाव समिति की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के साथ ही पर्यटन कारोबार से जुड़े होटलियर, होम-स्टे संचालक, गाइड और अन्य सदस्य चुनावी प्रक्रिया को लेकर सक्रिय हो गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 3 मार्च रखी गई है, जबकि उम्मीदवार 5 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 7 मार्च को प्रातः 11:00 बजे JVTDA कार्यालय, जिभी में होगा। चुनाव समिति ने बताया कि मतदान गुप्त मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
चुनाव नियमों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक प्रत्याशी केवल एक ही पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकेगा। चुनाव में वही सदस्य भाग लेने के पात्र होंगे, जिनकी सदस्यता शुल्क पूर्ण रूप से जमा है और जो पिछले तीन वर्षों से नियमित सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन से जुड़े हुए हैं। ऐसे सदस्य ही चुनाव लड़ सकेंगे और मतदान कर पाएंगे।
चुनाव आयुक्त जगदीश चंद और मुख्य चुनाव आयुक्त संदीप कंवर ने सभी पात्र सदस्यों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता, पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उधर, जिभी घाटी के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। पर्यटन सीजन से पहले नई कार्यकारिणी के गठन को अहम माना जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि नया नेतृत्व जिभी घाटी के पर्यटन को संगठित, सुव्यवस्थित और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

You cannot copy content of this page