मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

हिमाचल में बाहरी वाहनों की एंट्री महंगी: 1 अप्रैल से लागू होगी नई बैरियर नीति, कई श्रेणियों में टैक्स लगभग दोगुना

फ्रंट पेज न्यूज़ डेस्क।
आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में राजस्व बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बैरियर नीति अधिसूचित कर दी गई है, जिसके तहत बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर प्रवेश शुल्क में भारी बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में लागू होंगी। इस फैसले का सीधा असर पर्यटन, ट्रांसपोर्ट और निर्माण गतिविधियों पर पड़ने वाला है।
टैक्स दरों में बड़ा बदलाव
नई नीति के तहत सबसे ज्यादा असर निजी वाहनों और छोटे कमर्शियल वाहनों पर देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को अब निजी कार के लिए 70 रुपये की जगह 170 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा, यानी शुल्क लगभग ढाई गुना बढ़ गया है।
12+1 क्षमता वाले सवारी वाहनों का शुल्क भी 110 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये कर दिया गया है। वहीं भारी मालवाहक वाहनों के लिए एंट्री टैक्स 720 रुपये से बढ़ाकर 900 रुपये तय किया गया है।
निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी जैसे जेसीबी पर अब 570 रुपये की बजाय 800 रुपये शुल्क लगेगा। ट्रैक्टरों के लिए प्रवेश शुल्क 70 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। हालांकि डबल एक्सल बस और ट्रकों के लिए 570 रुपये की पुरानी दर को ही बरकरार रखा गया है।
स्थानीय वाहनों को राहत
प्रदेश के पंजीकृत वाहनों को पहले की तरह इस टैक्स से पूरी तरह छूट मिलेगी, जिससे स्थानीय परिवहन और आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
बैरियर्स पर फास्टैग और नई व्यवस्था
प्रवेश प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए अब राज्य के प्रमुख बैरियर्स पर FASTag प्रणाली लागू की जाएगी। परवाणू, मैहतपुर, कंडवाल, गरामोड़ा और बद्दी जैसे प्रमुख प्रवेश द्वारों पर नई दरों को लागू करने और बैरियर्स की नीलामी के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों की अध्यक्षता में विशेष समितियां गठित की गई हैं।
पर्यटन पर पड़ेगा असर या बढ़ेगा राजस्व?
सरकार इस फैसले को प्रदेश की वित्तीय स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है, लेकिन पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि प्रवेश शुल्क में इतनी बढ़ोतरी से बाहरी पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो सकती है। खासकर छोटे बजट में यात्रा करने वाले पर्यटकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा
फिलहाल यह स्पष्ट है कि 1 अप्रैल से हिमाचल में प्रवेश पहले से महंगा होने जा रहा है और इसका प्रभाव आने वाले पर्यटन सीजन में साफ दिखाई देगा।

You cannot copy content of this page