फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
जिला के वारहों मंडलों में परिचय बैठकों का क्रम जारी, जल्द होगा जिला स्तरीय सम्मेलन
जिला शिक्षक प्रकोष्ठ के अंतर्गत बंजार एवं मंगलौर मंडल की संयुक्त परिचय बैठक उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक गजेंद्र सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल पाठशाला तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज का दर्पण होता है।

शिक्षक अपने आचरण, विचार और कार्यशैली से समाज को दिशा देने का कार्य करता है, इसलिए शिक्षक वर्ग का सक्रिय और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एक सशक्त, संस्कारित और जागृत समाज का निर्माण तभी संभव है, जब शिक्षक वर्ग संगठित होकर समाजहित में अपनी भूमिका निभाए। इसी उद्देश्य को लेकर पूरे जिले के वारहों मंडलों में क्रमबद्ध रूप से परिचय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से संगठन के भीतर आपसी समन्वय को मजबूत किया जा रहा है, नए साथियों को जोड़ा जा रहा है तथा शिक्षकों की सामाजिक भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

जिला संयोजक ने जानकारी देते हुए बताया कि निकट भविष्य में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में सभी मंडलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसमें संगठन की आगामी कार्ययोजना, सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों तथा शिक्षक वर्ग की भूमिका को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने सभी मंडल संयोजकों एवं सहयोगियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और समाज के उत्थान के लिए रचनात्मक गतिविधियों को गति दें। संगठित, जागरूक और सक्रिय शिक्षक वर्ग ही एक सुरक्षित, सशक्त और मूल्य आधारित सामाजिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस अवसर पर बंजार शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक परमेश शर्मा, मंगलौर मंडल के संयोजक दीवान सिंह, सह संयोजक ध्यान सिंह, कमर भारती सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।


























